

लोहाघाट। सीमांत क्षेत्र लोहाघाट के लिए गर्व की खबर सामने आई है। ओपीएस के छात्र स्पर्श राय ने प्रतिष्ठित एनडीए (नेशनल डिफेंस एकेडमी) की लिखित परीक्षा शानदार सफलता के साथ उत्तीर्ण कर विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
स्पर्श राय ने इसी वर्ष कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा भी दी है और अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन तथा समर्पण के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही विद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। विद्यालय प्रबंधन ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि स्पर्श की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। विद्यालय के प्रबंधक लोकेश पांडेय, प्रधानाचार्य राहुल जोशी, समस्त शिक्षकगण, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने स्पर्श राय को इस सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने आगामी एसएसबी इंटरव्यू और बोर्ड परीक्षा परिणाम के लिए भी स्पर्श को शुभकामनाएं दी हैं। सभी को विश्वास है कि वह आगे भी इसी प्रकार सफलता हासिल कर क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेंगे।


