खेतीखान में कृषि तकनीक दिवस का आयोजन, नवाचार से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

Spread the love

 

फोटो : खेतीखान में आयोजित कृषि तकनीक दिवस कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और बैटरी चालित कृषि उपकरणों की जानकारी देते अतिथि एवं विशेषज्ञ।

जंगली जानवरों से फसल बचाने से लेकर बैटरी चालित कृषि यंत्रों, जैविक खेती और विपणन तक पर हुआ मंथन, 5 नए कोल्ड स्टोरेज की योजना का ऐलान।

 

 

 

लोहाघाट। खेतीखान के दीप महोत्सव प्रांगण में बाटुली एफपीओ और प्रज्ञान टीएसपी एक्शन फाउंडेशन के सहयोग से कृषि तकनीक दिवस एवं किसान संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कृषि में नई तकनीक, जैविक खेती, आधुनिक कृषि उपकरण, विपणन और स्वरोजगार के अवसरों पर मंथन किया गया।

किसानों ने जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान, महंगे कृषि उपकरण, रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों की बढ़ती लागत तथा कृषि उत्पादों के विपणन की समस्या को प्रमुखता से उठाया। विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों ने किसानों को इन समस्याओं के समाधान के लिए आधुनिक तकनीकों और उपलब्ध विकल्पों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेतु आयोग के प्रथम उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी ने किसानों से बाटुली एफपीओ से जुड़कर आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने अपने देश-विदेश के अनुभव साझा करते हुए कहा कि नवाचार और तकनीक के साथ खेती करने से किसान उत्पादन बढ़ाने के साथ अपनी आय में भी वृद्धि कर सकते हैं।

राजशेखर जोशी ने कृषि उत्पादों के बेहतर भंडारण और विपणन के लिए क्षेत्र में 5 नए कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कृषि उत्पादन बेहतर है, वहां सर्वे कर जरूरत के अनुसार कोल्ड स्टोरेज स्थापित किए जाएंगे, ताकि किसान अपनी उपज को सुरक्षित रख सकें और उचित समय पर बेहतर दाम प्राप्त कर सकें।

उन्होंने क्षेत्र की शिक्षा और रोजगार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए ‘प्रोजेक्ट उन्नति’ की भी घोषणा की। इसके तहत पाटी, लोहाघाट और बाराकोट ब्लॉक में 9 उन्नति केंद्र स्थापित किए जाएंगे। प्रज्ञान टीएसपी एक्शन फाउंडेशन के सहयोग से इन केंद्रों में शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, स्किल डेवलपमेंट, व्यक्तित्व विकास तथा मानसिक एवं बौद्धिक विकास से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मुख्य कृषि अधिकारी चंपावत धनपत कुमार ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि हर्बोलिव प्लस के छिड़काव से जंगली जानवरों को फसलों से दूर रखने में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

वहीं Ste Pupify के ऋषभ ने बैटरी चालित आधुनिक कृषि उपकरणों का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि ये उपकरण हल्के, किफायती और पहाड़ी क्षेत्रों की परिस्थितियों के अनुकूल हैं। बैटरी से संचालित होने के कारण इनमें पेट्रोल और डीजल की आवश्यकता नहीं होती। किसानों ने इन उपकरणों को खूब पसंद किया।

कैप्सबर के महेश राम ने जैविक दवाइयों और प्राकृतिक कृषि पद्धतियों की जानकारी किसानों को दी। बाटुली एफपीओ के संचालक नरेंद्र माहरा ने सभी किसानों और युवाओं का स्वागत करते हुए बताया कि एफपीओ करीब 150 किसानों के साथ पायलट प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है और जंगली जानवरों से फसल बचाने के प्रयास में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रेशम विभाग के विनोद ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों को पौध वितरण किया जा रहा है। वहीं नीरज सिंह और भीम कुमार ने कोकून उत्पादन की नई शुरुआत की है। किसानों को रेशम उत्पादन को स्वरोजगार के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

देहरादून से पहुंचे APEDA के विशाल सैनी ने कहा कि यदि कोई संस्था या किसान समूह कृषि उत्पादों के निर्यात के क्षेत्र में काम करना चाहता है तो APEDA की ओर से आवश्यक सहयोग और पूरी प्रक्रिया में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। ग्राम प्रधान गहतोरा दिनेश ने किसानों को संबोधित करते हुए उन्नत किसानों को पुरस्कार वितरित किए। कनककोट के अमर सिंह, त्यारसों के भीम कुमार और मानर के विजेंद्र को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मध्यगंगोल लाइब्रेरी एवं स्किल सेंटर के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में राजशेखर जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, पंचायत सदस्य अशोक माहरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजय बोहरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मदन कॉलोनी, क्षेत्र पंचायत सदस्य यशपाल मनराल, पवन देउपा, ग्राम प्रधान आलोक वर्मा, सूरज माहरा, गिरजेश बोहरा, अर्जुन राम, विजेंद्र मनराल, बाटुली एफपीओ के संचालक नरेंद्र माहरा, सचिव महेश राम, सोशल अल्फा एनजीओ के राहुल सहित एफपीओ के सदस्य, किसान, युवा और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *