चम्पावत में गीता धामी की बढ़ती सक्रियता ने बढ़ाई सियासी हलचल, महिलाओं से जुड़ा मजबूत जनसंपर्क। आमा-ईजा और चाची कहकर लिया बुजुर्ग महिलाओं का आशीर्वाद, स्वयं सहायता समूहों से संवाद के जरिए बनाई अलग पहचान

Spread the love

 

फोटो : चम्पावत में गीता धामी का तिलक लगाकर स्वागत करतीं महिलाएं।

 

चम्पावत। सेवा संकल्प फाउंडेशन की चेयरपर्सन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी के चम्पावत के संभावित दौरे और महिलाओं के बीच बढ़ती सक्रियता ने जिले की सियासत में चर्चाओं को तेज कर दिया है। महिला समूहों के बीच उनकी सहज मौजूदगी और आत्मीय संवाद को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है।

गीता धामी ने कार्यक्रमों के दौरान बुजुर्ग महिलाओं को ‘आमा, ईजा और चाची’ कहकर उनका अभिवादन किया और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। वहीं हमउम्र महिलाओं के साथ उन्होंने बेहद सहज अंदाज में संवाद स्थापित किया। कई स्थानों पर महिलाओं ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से उन्हें अवगत कराया।

महिलाओं के बीच उनकी इस सक्रियता ने स्थानीय स्तर पर अच्छी चर्चा बटोरी है। खासकर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदमों की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री की सशक्त बहना योजना समेत महिला केंद्रित योजनाओं को भी इस बदलाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

सास-ससुर के आशीर्वाद की बात ने छुआ महिलाओं का दिल

गीता धामी ने महिलाओं से अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि जिस घर में माता-पिता और सास-ससुर का आशीर्वाद हो, उससे अधिक भाग्यशाली परिवार कोई नहीं होता। उन्होंने कहा कि यदि बुजुर्ग आपके कार्यों और व्यवहार से प्रसन्न हैं तो इससे बड़ा सौभाग्य कुछ नहीं।

गीता धामी की इस सहज और भावनात्मक बात का महिलाओं पर खासा प्रभाव देखने को मिला। बुजुर्ग महिलाओं ने उन्हें आशीर्वाद दिया और आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया।

इधर, गीता धामी की चम्पावत में बढ़ती सक्रियता को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगामी राजनीतिक सफर से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि मुख्यमंत्री के अगले विधानसभा चुनाव को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व को लेना है, लेकिन चम्पावत में गीता धामी की लगातार बढ़ती सक्रियता ने सियासी चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *