लधौनधुरा शिव मंदिर में गूंजा हर-हर महादेव, जलाभिषेक के बाद विशाल भंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद, धार्मिक-पर्यटन विकास और क्षेत्र की औषधीय वनस्पतियों के संरक्षण पर हुई चर्चा

Spread the love

 

फोटो : लधौनधुरा शिव मंदिर में जलाभिषेक के बाद आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालु।

 

लोहाघाट। पवित्र सावन मास के अवसर पर लधौनधुरा शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का भव्य जलाभिषेक श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे शिव भक्तों और शिव पुजारियों ने विधि-विधान से भगवान शिव का अभिषेक किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।

जलाभिषेक के उपरांत स्थानीय लोगों की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। भजन-संध्या ने धार्मिक माहौल को और भक्तिमय बना दिया।

भंडारे के बाद क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन विकास को लेकर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की बैठक हुई। बैठक में लधौनधुरा एवं सकल धाम महर पिनाना क्षेत्र में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और औषधीय वनस्पतियों की संभावनाओं पर चर्चा की गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की जड़ी-बूटियों और औषधीय वृक्षों का भंडार है। उन्होंने सरकार से आयुर्वेद विशेषज्ञों के माध्यम से इन औषधीय वनस्पतियों का वैज्ञानिक परीक्षण और संरक्षण कराने की मांग की, ताकि क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा का सदुपयोग हो सके। सेवानिवृत्त शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि इस संबंध में अक्टूबर 2024 में भी मुख्यमंत्री के समक्ष मांग रखी गई थी। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र की औषधीय संपदा को व्यवस्थित रूप से विकसित किया जाए तो स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं तथा पलायन पर भी अंकुश लगाया जा सकता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *