

Haldwani/ कालाढूंगी। फतेहपुर, लामाचौड़, कटघरिया, कुसुमखेड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में तेजी से फैल रहे अवैध नशा कारोबार को लेकर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने मौके पर पहुंचकर नशा तस्करों और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को कड़ी एवं तल्ख़ चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में युवाओं को सुनियोजित तरीके से नशे की गिरफ्त में धकेला जा रहा है और यह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशा बेचकर युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाले लोग समाज के दुश्मन हैं। कई परिवार उजड़ चुके हैं और कई लोगों की मौत तक हो चुकी है, इसके बावजूद प्रशासन की चुप्पी गंभीर सवाल खड़े करती है।
नीरज तिवारी ने आरोप लगाया कि हाइवे और आसपास के क्षेत्रों में खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और सरकार ने तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पार्टी जनता को साथ लेकर सड़क से लेकर प्रशासनिक कार्यालयों तक बड़ा जनआंदोलन करेगी।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि
“नशा बेचने वालों और उन्हें संरक्षण देने वालों को जनता के बीच बेनकाब किया जाएगा। युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वालों को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा।”
उन्होंने पुलिस प्रशासन और सरकार से तत्काल व्यापक अभियान चलाकर नशा कारोबारियों की गिरफ्तारी एवं अवैध कारोबार पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की।


