मानेश्वर धाम में देर रात तक गूंजे वैदिक मंत्र, सामूहिक उपनयन संस्कार बना आस्था का केंद्र

Spread the love

 

फोटो बटुकों के जनैऊ धारण करने के बाद उन्होंने आशिर्वाद देते लोग।

 

लोहाघाट/चंपावत। जनपद के प्रसिद्ध मानेश्वर धाम में रविवार को देर रात तक सामूहिक उपनयन (यज्ञोपवीत) संस्कार का आयोजन श्रद्धा और वैदिक परंपराओं के बीच संपन्न हुआ। पूर्ण वैदिक गुरुकुल पद्धति और कुमाऊं की प्राचीन संस्कृति के अनुरूप आयोजित इस अनुष्ठान को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और धार्मिक वातावरण में डूबे रहे।

संस्कार के दौरान बटुकों को विधि-विधान के साथ यज्ञोपवीत धारण कराया गया। इस अवसर पर उनके माता-पिता ने भी भावुक क्षणों के बीच अपने बच्चों को आशीर्वाद दिया। आचार्य सतीश चंद्र पांडे, कमलेश रसिया राय, दीपक जोशी, देवी दत्त पांडे एवं यज्ञाचार्य बबलू पांडे ने प्रत्येक बटुक के कान में विधिवत गायत्री मंत्र की दीक्षा दी।

धाम के पीठाधीश्वर स्वामी धर्मराज पुरी जी महाराज की ओर से सभी बटुकों को रुद्राक्ष की माला भेंट की गई। वहीं नगर पालिका चंपावत की पूर्व अध्यक्ष विजय वर्मा ने सभी बटुकों को चांदी की बालियां भेंट कर उन्हें आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम के दौरान देर रात तक भंडारे का आयोजन चलता रहा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे धाम परिसर में देर रात तक भक्तों की चहल-पहल बनी रही। उपस्थित लोगों ने स्वामी धर्मराज पुरी जी महाराज की इस पहल की सराहना करते हुए इसे संस्कृति संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न गांवों के लोगों का भी सक्रिय सहयोग रहा।

 

यज्ञाचार्य बबलू पांडे होंगे मानेश्वर धाम के प्रमुख आचार्य।

 

 

मानेश्वर धाम के पीठाधीश्वर स्वामी धर्मराज पुरी जी महाराज ने संस्कृत, अंग्रेजी, वेद-पुराण और उपनिषदों के ज्ञाता यज्ञाचार्य बबलू पांडे को धाम का प्रमुख आचार्य नियुक्त किया है। अब धाम में आयोजित होने वाले सभी प्रमुख धार्मिक अनुष्ठानों में वह मुख्य आचार्य के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *